अमरोहा। पुलिस महकमे के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने रविवार को होली मनाई। पुलिस लाइन परिसर में डीएम बीके त्रिपाठी और एसपी पूनम ने पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली। दोनों अफसर खूब झूमे। एकदूसरे को रंग लगाया और खूब अबीर-गुलाल उड़ाया। तमाम पुलिस कर्मी ढोल-नगाड़े की थाप पर नृत्य कर एक दूसरे को बधाई देते दिखे। जिलेभर के थानों में भी यही हाल रहा।
शुक्रवार को जिलेभर में होली मनाई गई थी। इस दौरान पुलिस आम जनमानस की सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैद रही। इस क्रम में रविवार को पुलिस ने होली खेली। सुबह पुलिस लाइन परिसर में डीएम बीके त्रिपाठी व एसपी पूनम पहुंचे। यहां पुलिसकर्मियों के साथ खूब अबीर-गुलाल उड़ाया। दोनों अधिकारी अधीनस्थों के साथ झूमते दिखाई दिए। अमरोहा नगर कोतवाली में एसडीएम विजय शंकर, नगर कोतवाल अरविंद कुमार व एसएसआई जितेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ होली मनाई। इसके अलावा पुलिस ऑफिस, नौगांवा सादात, डिडौली, रजबपुर, अमरोहा देहात थाने में तमाम पुलिस कर्मियों ने होली खेली। सभी पुलिस कर्मी रंगों में सराबोर दिखे। होली के गीतों पर नृत्य किया।