अमरोहा के डिडौली थानाक्षेत्र में ड्यूटी करके कमरे पर लौट रहे तीन फैक्टरी कर्मियों सहित चार को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से कुचल दिया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा दो कर्मी कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक शाहजहांपुर जनपद के मदनापुर थानाक्षेत्र के गांव बरीखास का रहने वाला है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह हादसा डिडौली कोतवाली क्षेत्र चौधरपुर गांव के सामने नेशनल हाईवे का है। शाहजहांपुर जनपद के मदनापुर थानाक्षेत्र के गांव बरीखास निवासी दिनेश, राकेश, प्रदीप व हरिओम डिडौली क्षेत्र स्थित सीएल गुप्ता की फैक्टरी में नौकरी करते हैं। उनके साथ शाहजहांपुर के ही गढ़िया रंगीन थानाक्षेत्र के घुसे कल्याणपुर निवासी रामू भी नौकरी करता है।
शनिवार की रात करीब 10 बजे पांचो लोग ड्यूटी खत्म करके कमरे पर आ रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। सभी लोग पैदल थे। जैसे ही वह चौधरपुर गांव के सामने पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने सभी को टक्कर मार दी। हादसे में दिनेश, प्रदीप, हरिओम और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
थोड़ी देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जोया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दिनेश (19) को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सीएचसी से उन्हें मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है। आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मृतक के भाई राकेश की तहरीर पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।