हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र में भूमि पर कब्जे को लेकर किसान पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल किसान को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
क्षेत्र गांव दौलतपुर कला निवासी धनपाल सिंह की भूमि गांव के नजदीक ही है। आरोप है कि भूमि पर कुछ लोग अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं। शुक्रवार को इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद धनपाल ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की थी। शनिवार सुबह को इसी शिकायत की जांच पड़ताल करने के लिए पुलिस मौके पर गई थी। जांच करने के बाद पुलिस वापस कोतवाली आ गई। इसके बाद किसान अपने खेत पर गया था। इसी बीच कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडो से जानलेवा हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। हालत नाजुक बनी हुई है। घायल किसान के बेटे रविंद्र ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।