अमरोहा। दिल्ली की आजादपुर मंडी गए अमरोहा के फल व्यापारी को पांच बदमाशों ने कब्जे में ले लिया। खुद को पुलिस कर्मी बता कर बदमाशों ने व्यापारी से सवा लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने दिल्ली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
अमरोहा नगर मोहल्ला मजापोता निवासी शादाब अली मंडी समिति में फल की आढ़त चलाते हैं। सोमवार को शादाब दिल्ली स्थित आजादपुर मंडी गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे मंडी के नजदीक पहुंचे, तभी खुद को पुलिस कर्मी बताकर पांच लोगों ने रोक लिया। आरोपियों ने कहा कि खुफिया रिपोर्ट मिली है कि मंडी में असलहा की तस्करी की जा रही है। तभी दो युवकों ने शादाब से नोटों से भरा बैग ले लिया। जबकि तीन युवक उनकी तलाशी लेने लगे। आरोप है कि पांचों युवक मास्क लगाए हुए थे। इस दौरान वह बैग में सवा लाख रुपये निकाल लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित कारोबारी ने आजादपुर मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।