डिडौली(अमरोहा)। मुरादाबाद की दिशा से मेरठ जा रहे संभल निवासी फूफा-भतीजे की बाइक निर्माणाधीन पुल के पत्थरों से टकरा गई। हादसे में भतीजे की मौके पर मौत हो गई। जबकि फूफा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे।
संभल जनपद के रजपुरा थानाक्षेत्र के इकौना गांव में प्रेमपाल कश्यप का परिवार रहता है। उनका बेटा मनोज कश्यप (30) मेरठ में दिहाड़ी मजदूरी करता था। रविवार की दोपहर बाद वह संभल के बहजोई थानाक्षेत्र के सिंगपुर गांव निवासी अपने फूफा हरबंश के साथ मुरादाबाद की दिशा से मेरठ जा रहा था। दोनों एक बाइक पर सवार थे। जैसे ही उनकी बाइक डिडौली कोतवाली क्षेत्र के हाईवे स्थित बुढ़नपुर-ढकिया के बीच पहुंची। तभी निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए रखे पत्थरों से बाइक टकरा गई। हादसे में मनोज कश्यप की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके फूफा हरवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने हरवंश को मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।