ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की पंचायत में आयोजित हुई। जिसमें सहकारी समितियों पर खाद और गेहूं के बीज की किल्लत होने पर रोष जताया गया। अधिकारियों से पर्याप्त मात्रा में बीज व खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। भाकियू ने गन्ने का रेट 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग भी की है।
पूर्व प्रदेश महासचिव बिजेंद्र शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की सहकारी समितियों पर खाद और गेहूं का बीज उपलब्ध नहीं है। किसान बीज और खाद के लिए परेशान घूम रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी को समय पूर्व इसकी व्यवस्था करनी चाहिए थी। तहसील अध्यक्ष देशराज सिंह ने गन्ने का रेट 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। उनका कहना था कि खेती के काम आने वाली वस्तुओं के दाम में वृद्धि हुई है। पंचायत में गन्ना प्रजाति 05009 का मुद्दा भी उठाया गया। इस मौके पर सौवीर सिंह, अशोक प्रधान, जयपाल सिंह, केशव यादव, कांति शर्मा, निरंजन सिंह, मुमताज अली, मुन्नू गुर्जर मौजूद रहे। ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष चीमा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग बिजली बिल की आड़ में किसानों का शोषण कर रहा है।