सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरवाजे कलां पीलू निवासी जरदार अली सपा विधायक महबूब अली के यहां रहते हैं। 12 जून की रात करीब 11.30 बजे वह किसी कार्य से रेलवे स्टेशन गए थे। तभी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के वासीपुर निवासी अजीत सिंह मिले। अजीत सिंह पूर्व एमएलसी परवेज अली के सामने जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ चुका है। जरदार अली के आरोप के मुताबिक चुनाव हारने के बाद से अजीत सिंह पूर्व एमएलसी परवेज अली और उनके परिवार से रंजिश रखते हैं। 12 जून की दोपहर 3.30 बजे अजीत सिंह ने फोन और व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पूर्व एमएलसी परवेज अली को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद रविवार की रात 11:30 बजे अजीत सिंह ने जरदार अली को धमकी देते हुए कहा कि तू विधायक महबूब अली के यहां से कामधाम छोड़ कर चला जा, नहीं तो इन लोगों के साथ तू भी मारा जाएगा। मैं परवेज अली व उसके परिवार को जान से मार कर ही दम लूंगा।
आरोप है कि अजीत सिंह ने तेरह जुलाई 2021 को विधायक महबूब अली के भतीजे ब्लॉक जोया प्रमुख जुल्फिकार अली को धमकी दी थी। इसके कुछ दिन बाद विधायक महबूब अली के छोटे भाई महबूब अली उर्फ को भी धमकी दी गई। पीड़ित जरदार अली ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ के मुताबिक शिकायत के आधार पर अजीत सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मालूम रहे कि दो दिन पहले पुलिस ने विधायक महबूब अली व उनके बेटे पूर्व एमएलसी परवेज अली को जान से मारने की धमकी देने वाले हरियाणा के हिसार निवासी राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उस पर लॉरेंस विश्नोई के नाम से धमकी देने का आरोप था।