रजबपुर। कूबी के ग्रामीणों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने होली नहीं मनाने का निर्णय लिया। चेतावनी दी कि जब तक चार गुना मुआवजा नहीं दिया जाएगा जमीन को खाली नहीं किया जाएगा। लगातार आठ दिन से भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के पदाधिकारियों के साथ कूबी के ग्रामीण लगातार धरने पर बैठे हैं। मंगलवार को उन्होंने इस साल होली नहीं मनाने का निर्णय लिया। कहा कि जनपद में मध्य गंगा नहर का निर्माण काम लगभग पूरा हो चुका है लेकिन कूबी, रामपुर घना और मोहनपुर में जमीन का मुआवजा न मिलने के कारण निर्माण कार्य लटका हुआ है। अधिकारी किसानों को मनाने में लगे हैं मगर किसान मानने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन ने वर्ष 2011 में जमीन अधिग्रहण की मगर मुआवजा नहीं दिया। अब जमीन काफी महंगी हो गई है इसलिए किसान किसी भी कीमत पर जमीन देने को तैयार नहीं है। वे मौजूदा सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा मांग रहे हैं।
धरने में मुख्य रूप से अंकुश सिंह, विजय पाल सिंह, भोले सिंह, सचिन चौधरी, मुकेश चौधरी, कमल सिंह, कमलेश देवी, भरतो देवी, कविता देवी, ममता देवी आदि मौजूद रहे।