हसनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित करते विधायक महेंद्र खड़गवंशी।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि विधायक महेंद्र खड़गवंशी ने स्मार्टफोन वितरित करते हुए कहा कि देश में डिजिटल क्रांति को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन दिए गए हैं। इससे वह अपना सारा ब्योरा रजिस्टर की बजाय मोबाइल फोन में सुरक्षित रख सकती हैं।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा डिजिटल क्रांति की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जरूरत के सामानों को खरीदने के लिए नकद धनराशि की आवश्यकता नहीं पड़ रही। मोबाइल से ही डिजिटल भुगतान करके लोग आवश्यकता की वस्तुएं खरीद रहे हैं। कपड़े से लेकर कार, बाइक, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं सब्जी तक डिजिटल भुगतान के जरिए खरीदी जा रही है। इसी दिशा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन दिया गया है। स्मार्टफोन का इस्तेमाल करके वह उसमें बच्चों को दिए जाने वाले पुष्टाहार से संबंधित ब्योरा पूरी तरह से सुरक्षित रखकर उसकी रोजाना की अपडेट अपने उच्चाधिकारियों को दे सकते हैं। पुष्टाहार वितरित करने के बाद उन्हें इसकी नियमित रूप से रिपोर्ट स्मार्टफोन के जरिए ही देनी होगी। अन्य कई कार्यों में स्मार्टफोन का इस्तेमाल आसानी से किया जा सकेगा । जिससे कार्यों को और सही तरह से किया जा सके। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री अभिनव कौशिक, जिला उपाध्यक्ष मयंक अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी रोहिताश कुमार, सीडीपीओ मंजूर वर्मा, कार्यक्रम संयोजक पंकज भटनागर, मुदित गुर्जर, गंगेश्वरी ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र खड़गवंशी, मंडल महामंत्री महेश खड़गवंशी आदि रहे। संचालन अधिवक्ता सुमित गुप्ता ने किया।