अमरोहा मंडी समिति में व्यवस्थाओं का जायजा लेते डीएम और एसपी।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। विधानसभा चुनाव के दूसरे चारण का प्रचार शनिवार शाम को थम गया। आज मतदान कराने के लिए नवीन मंडी स्थल से 1601 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। वहीं शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए जिले को 11 जोन और 110 सेक्टर में बांटा गया है। शनिवार को डीएम-एसपी और चुनाव प्रेक्षकों ने मंडी में व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पोलिंग पार्टियों के लिए विधानसभा क्षेत्र वार बैरिकेडिंग, लाइडस्पीकरों की फिटिंग और वाहनों व्यवस्था की गई है। जिससे मतदान कार्मिकों को कोई दिक्कत न हो सके।
सोमवार को होने वाले चुनाव में जिले के 13 लाख 50 हजार 533 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले के 1601 बूथों पर मतदान संपन्न कराने के लिए 1601 पोलिंग पार्टियां नवीन मंडी स्थल से रवाना होंगी। जिनमें धनौरा विधानसभा क्षेत्र में 420, नौगांवा सादात में 441, अमरोहा में 366 और हसनपुर में 401 बूथ शामिल हैं। मतदान के लिए दस फीसदी पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा जाएगा हैं। रविवार को गुलड़िया रोड स्थित नवीन मंडी से पोलिंग पार्टी को ईवीएम, वीवीपैट, कोविड किट समेत कई तरह के सामान देकर मतदान स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा। इसके लिए मंडी परिसर में अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे।
बैरिकेडिंग, बसों व अन्य वाहनों की व्यवस्था, लाउड स्पीकर आदि लगाने के अलावा सुरक्षा के लिए पोस्ट भी तैयार किए गए। रविवार दोपहर से टीमों की रवानगी शुरू हो जाएगी। शनिवार को डीएम बीके त्रिपाठी, एसपी पूनम और चारों विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रेक्षकों ने मंडी समिति में पोलिंग पार्टी रवाना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद मतदान केंद्रों का जायजा लेकर खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले में चुनाव प्रचार शनिवार शाम पांच बजे थम गया है। आज मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान कार्मिक किसी भी तरह की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात कर सकते हैं। -बीके त्रिपाठी, जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम