अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को भी डिडौली क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित बिना लेआउट पास कराए की गई प्लॉटिंग पर प्रशासन का बुलडोजर चला। जेसीबी से प्लाटिंग की दीवारों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वाले में हड़कंप मचा हुआ है।
यूपी में दोबारा सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को तालाबों पर अवैध कब्ज, अवैध प्लाटिंग करने वाले, निजी संपत्तियों पर कब्जे करने और कानून को दरकिनार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का फरमान जारी किया है। इसके बाद डीएम के आदेश पर प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। रविवार को कलक्ट्रेट के सामने तालाब पर कब्जा करने के उद्देश्य से बनाई गई अस्थायी दुकानों और टिनशेडों को प्रशासन ने ध्वस्त कराया था। इसके बाद सोमवार को आला अफसरों के निर्देश पर नायाब तहसीलदार संतोष यादव और क्षेत्रीय लेखपाल गौरव मिश्रा ने डिडौली में अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। विरोध की आशंका के बीच पुलिस बल को पहले ही मौके पर बुला लिया गया था। इस दौरान जेसीबी की मदद से प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया गया। पुलिस प्रशासन का रुख देख कर प्लाटिंग करने वाले मौके से फरार हो गए। एसडीएम विजय शंकर ने बताया कि जनपद के तालाबों पर अवैध कब्जे नहीं होने दिए जाएंगे। बिना लेआउट पास की जा रही प्लाटिंग को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्लाटिंग करने के लिए जिला पंचायत से नक्शा पास करना अनिवार्य है, वरना ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया जाएगा।
ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की शिकायत
मंडी धनौरा तहसील के नगलिया मेव में ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। उपजिलाधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विकास खंड गजरौला की ग्राम पंचायत नगलिया मेव के ग्रामीणों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि ग्राम समाज की भूमि पर कसेरवा गांव के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जा करने वाले भूमि की चहारदीवारी कर रहे थे। फिलहाल उनको रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराने व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत कर्ताओं में ग्राम प्रधान कुसुमलता, इमरान, दीपक कुमार, विवेक कुमार, हारून अली आदि मौजूद रहे।
अमरोहा के पनवाड़ी तालाब और जोया में अवैध प्लाटिंग पर भी हुई कार्रवाई
प्रशासनिक अफसरों ने नगर के बिजनौर रोड स्थित पनवाड़ी तालाब और जोया में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। यहां भी जेसीबी से अवैध कब्जों को ध्वस्त कराया गया।
डिडौली में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराने के बाद प्रशासनिक अफसरों ने सोमवार शाम जोया में गुरुद्वारे के पीछे चल रही अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी चला दी। विरोध में आए लोग पुलिस फोर्स की मौजूदगी के चलते अफसरों के सामने कुछ नहीं बोल पाए।
वहीं एसडीएम सदर विजय शंकर मिश्र सोमवार सुबह ही पनवाड़ी तालाब पर पहुंच गए। यहां जेसीबी की मदद से मिट्टी की खुदाई शुरू कराई। एसडीएम ने बताया कि अब तालाब की जमीन से कब्जा हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
-