हसनपुर के उझारी से देसी शराब के पव्वों में मिलावट मिलने पर आबकारी टीम की गिरफ्त में सैल्समेन।
- फोटो : HASANPUR
उझारी(अमरोहा)। उझारी में देसी शराब के पव्वों में पानी मिलाकर बेचा जा रहा था। शिकायत पर आबकारी विभाग ने छापा मारकर पानी की मिलावट कर तैयार किए गए कई पव्वे बरामद किए। दुकान के सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
आबकारी विभाग की टीम को कई दिन से सूचना मिल रही थी कि उझारी में देसी शराब की दुकान पर पानी की मिलावट करके शराब के पव्वे तैयार किए जा रहे हैं। शनिवार को सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक जेके कुलश्रेष्ठ टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। दुकान में जाकर एक-एक पव्वे को बारीकी से चेक किया। तो कई पव्वों में मिलावट सामने आई। गहराई से जांच की गई तो सामने आया कि पव्वों में पानी मिलाया गया है। मिलावट के वहां पर सोलह पव्वे बरामद गिए गए। आबकारी टीम द्वारा की गई कार्रवाई से आसपास के गावों संचालित देसी शराब की दुकानों पर सेल्समैनों में खलबली मच गई।
आबकारी निरीक्षक जेके कुलश्रेष्ठ ने बताया कि देसी शराब की दुकान उझारी पर चेकिंग के दौरान 16 पव्वे ऐसे मिले जिन्हें पानी मिलाकर तैयार किया गया था। आरोपी सेल्समेन कावेंद्र निवासी सुल्तानपुर मोल्वी थाना गजरौला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इस बात का पता किया जा रहा है कि पव्वों में मिलावट कहां की जा रही थी। शराब की दुकान के भीतर खाली पव्वे बरामद नहीं हुए। इससे साफ है कि शराब में मिलावट कहीं दूसरे स्थान पर ही की जा रही थी। यदि इस कार्य में और भी कोई संलिप्त है तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।