अमरोहा। केनरा बैंक की एक शाखा के कलेक्शन एजेंट पर खाताधारकों के करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। खाताधारकों का आरोप था कि लगातार शिकायत के बाद भी बैंक अधिकारी सुध नहीं ले रहे। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने तैयार नहीं है। हंगामे के दौरान ग्राहकों और बैंक अधिकारियों की नोकझोंक हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित ग्राहकों को समझाकर शांत किया। गुस्साए खाताधारकों ने बैंक शाखा के बाहर प्रदर्शन किया। आरोपी एजेंट और गबन केे खेल में शामिल बैंक कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
यह मामला अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में जोया रोड स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे स्थित केनरा बैंक की शाखा का है। शुक्रवार को बारह से अधिक ग्राहक एकत्र होकर बैंक पहुंचे। यहां बैंक एक कलेक्शन एजेंट पर करोड़ों रुपये का गबन करने का आरोप लगाया। कहा कि खाताधारक उसके माध्यम से अपने खातों में रोजाना 100, 200, 500 रुपये तक जमा कराते थे। एजेंट उसकी रसीद भी देता था। आरोप है कि इस बीच उसने 100 से ज्यादा खाताधारकों की रकम बैंक में न जमा करके करोड़ों रुपये का गबन कर लिया। इस संबंध में पिछले छह महीने से ग्राहक बैंक अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
खातेधारकों का आरोप है कि बैंक अधिकारी खुद को पाक-साफ बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। वह खाताधारकों के खाते का स्टेटमेंट पास बुक में एंट्री करने को तैयार नहीं हैं। आरोप लगाया कि गबन के इस खेल में बैंक के अधिकारी-कर्मचारी में संलिप्त हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही अमरोहा देहात और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों थाना पुलिस ने आक्रोशित ग्राहकों को समझाकर शांत किया। खाताधारकों ने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी रिपोर्ट लिखने के लिए तैयार नहीं हैं। इस दौरान ग्राहकों ने बैंक के बाहर खड़े होकर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्राहक अपने घर वापस लौट गए।
शाखा प्रबंधक का वर्जन
जनवरी में घटना के बारे में जानकारी मिली थी। उसके बाद मुरादाबाद कार्यालय को अवगत कराया था। सर्किल ऑफिस लखनऊ को जानकारी दी गई। बैंक ग्राहकों को रुपये दिए जाएंगे। एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। चार से पांच महीने से नगर और देहात थाने की चक्कर काट रहे हैं। सबसे पहले अप्रैल में तहरीर दी गई थी इससे पहले हम लोगों ने देहात और नगर कोतवाली में कई बार संपर्क कर चुके थे। पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही है। इससे विलंब हो रहा है। बगैर एफआईआर के बैंक कोई कदम नहीं उठा सकता है। पल्लव भारद्वाज, शाखा प्रबंधक।
आज बैंक में कुछ लोग आए थे, जिसमें महिलाएं भी थीं। यह लोग रुपये दिलाने की मांग कर रहे थे। मैं भी बैंक शाखा में गया था। बैंक की ओर से तहरीर भेजी गई है, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। एफआईआर के लिए ऑनलाइन तरीके को अपनाया गया था लेकिन वहां से भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर के बाद बैंक अगली कार्रवाई करेगी। उपेंद्र चौधरी, एलडीएम
अमरोहा कैनरा बैंक में हंगामा करते खातेधारकों को समझाती पुलिस।- फोटो : JPNAGAR