धनौरा में भाकियू कार्यकर्ता तहसील में धान से भरी ट्राली ले जाते हुए। एसडीएम कार्यालय के बाहर धरन?
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा। धान क्रय केंद्र पर चार दिन से खड़े किसानों का धान नहीं खरीदे जाने से आक्रोशित किसान भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले अपने धान लेकर तहसील परिसर पहुंच गए। गुस्साए किसानों ने धान से लदी ट्रालियां तहसील परिसर में खड़ी कर दीं। किसानों ने तौल कराने की मांग को लेकर एक घंटे तक तहसील परिसर में धरना दिया। बाद में एसडीएम के आश्वासन पर किसान शांत हुए और धान से लदे ट्रैक्टर-ट्राली लेकर क्रय केंद्र पहुंच गए।
गुरुवार की पूर्वाह्न भारतीय किसान यूनियन की युवा इकाई के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह के नेतृत्व में किसान धान से लदी ट्राली लेकर तहसील कार्यालय पहुंच गए। यहां भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। भाकियू नेता गुरमीत सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि शासन के इशारे पर क्रय केंद्रों पर धान की खरीद नहीं की जा रही है। किसान पांच दिन से अपना धान लेकर क्रय केंद्र पर खड़ा हुआ है लेकिन उसका धान नहीं खरीदा जा रहा है। सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों व रसूख वाले किसानों का धान सीधे खरीदा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों का शोषण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एक घंटे तक धरने पर बैठे किसानों के बीच वार्ता को आए एसडीएम अरुण कुमार ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनका धान निश्चित समय में खरीदा जाएगा। धांधली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के आश्वासन पर किसान अपनी ट्राली लेकर वापस धान क्रय केंद्र ले गए। किसानों के ट्रैक्टर ट्राली लेकर आने से तहसील अधिकारियों व कर्मचारियों में खलबली मच गई। किसानों ने तहसीलदार की जीप को गजरौला जाने के लिए रास्ता नहीं दिया। इस मौके पर ऊधम सिंह, कीरत सिंह, जग्गा सिंह, रिक्की शर्मा, कश्मीरा सिंह आदि मौजूद थे।
धनौरा में भाकियू कार्यकर्ता तहसील में धान से भरी ट्राली ले जाते हुए। एसडीएम कार्यालय के बाहर धरन?- फोटो : DHANAURA