हसनपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव ढकिया खादर निवासी पुरुषोत्तम की पत्नी सविता ने 30 जनवरी को क्षेत्र के गांव गंगवार में स्थित एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। जन्म के बाद ही नवजात शिशु की तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने शिशु को उपचार के लिए हसनपुर के कनेटा मार्ग पर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था।
जहां उसका उपचार चल रहा था। बताया जाता है कि शुक्रवार रात को उपचार के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हालांकि बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही परिजन नवजात शिशु के शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। दोनों पक्षों में फैसले की बात चल रही है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि यदि मामले में कोई तहरीर प्राप्त होती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।