यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हुई। पहली पाली में हाईस्कूल का हिंदी विषय का पेपर हुआ, जिसमें 2626 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी, वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट का भी हिंदी विषय का पेपर था, जिसमें 1419 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह हाईस्कूल और इंटर के हिंदी विषय के पेपर में कुल 4045 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
पहले दिन पहली पाली में र्हाईस्कूल के छात्रों की हिंदी और इंटरमीडिएट के छात्रों की सैन्य विज्ञान के पेपर थे। इसीक्रम में दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के छात्रा-छात्राआें का हिंदी का पेपर संपन्न हुआ। हाईस्कूल इंटरमीडिएट के 47038 विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जिले के 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इसक्रम में पहले दिन 3545 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। हिंदी जैसे सरल विषय की परीक्षा से छात्रों के अनुपस्थित होने पर अनुमान लगाया जा रहा कि अन्य विषयों की परीक्षा में यह अनुपस्थिति बढ़ेगी। दूसरी तरफ परीक्षा शुरू होने से पूर्व छात्र-छात्राओं की तलाशी लेने के बाद शिक्षकों ने उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया। फिलहाल पहले दिन सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई।
बृहस्पतिवार को पहले दिन की परीक्षा में सुबह की पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में 25090 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें 22464 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। जबकि 2626 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इन छात्रों ने पहले दिन हिंदी का पेपर छोड़ दिया। वहीं पहली पाली में ही इंटरमीडिएट की सैन्य विज्ञान प्रश्नपत्र की आयोजित परीक्षा में पंजीकृत 12 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर परीक्षा दिया। इसके बाद दूसरी पाली में शाम को इंटरमीडिएट के छात्रों का भी हिंदी का पेपर था। इस दौरान पंजीकृत 21948 छात्र-छात्राओं में से 20529 विद्यार्थियों ने ही परीक्षा दी। जबकि 1419 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर जोनल के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने पैनी नजर रखी थी। वहीं फ्लाइंग स्क्वाड ने केंद्रों का दौरा कर परीक्षा केंद्रों पर होने वाले नकल का जायजा लिया। डीएम बीके त्रिपाठी और जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार ने क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि गुरुवार को परीक्षा संकलन केंद्र का निरीक्षण किया गया। परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट को मिलाकर 3545 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ी है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर के हिंदी के प्रश्न पत्र में सरल सवाल आने पर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। इस दौरान छात्र हंसते चेहरे के संग परीक्षा केंद्र से बाहर निकले। छात्र-छात्राओं के चेहरों पर मुस्कान और आत्म विश्वास झलक रखा था। परीक्षा को लेकर उनके मन में जो टेंशन थी वह खत्म हो गई हैं। पेपर अच्छा होने से छात्रों के अंदर आत्मविश्वास बढ़ा है।