1,867 people cast their votes in Mithepur Kala and 798 in Nurpur Khurd
- फोटो : JPNAGAR
दो ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के लिए सोमवार को मतदान हुआ। छिटपुट विवाद के बीच मिट्ठेपुर कला और नूरपुर खुर्द गांव में कुल 85.36 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 2,665 व्यक्तियों ने मताधिकार का प्रयोग किया। अमरोहा और हसनपुर ब्लॉक परिसर में बैलेट बॉक्स को सुरक्षित रखा गया है पुलिस बल भी मुस्तैद है। मतगणना 21 दिसंबर को ब्लॉक परिसर में शुरू होगी। दोपहर तक परिणाम आने की उम्मीद है।
जिले की दो ग्राम पंचायतों मिट्ठेपुर कला और नूरपुर खुर्द में ग्राम प्रधान के लिए सोमवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। दोनों जगहों पर कुल 3,147 मतदाता हैं मतदान के लिए पुलिस बल मुस्तैद रही। मिट्ठेपुर कला में तीन और नूरपुर खुर्द में दो मतदेय स्थल बनाए गए थे। सुबह आठ बजे से मतदाताओं के आने का सिलसिला शुरू हुुआ, जो मतदान समाप्ति तक जारी रहा। पीठासीन अधिकारी और मतदान कार्मिकों ने चुनाव संपन्न कराए। दोनों जगहों पर कुल 2,665 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें मिट्ठेपुर कला में 83.72 प्रतिशत यानी 1,867 व्यक्तियों ने मतदान किया जबकि नूरपुर खुर्द में 87 प्रतिशत यानी 798 लोगों ने मतदान किया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कल्लू सिंह ने बताया कि दोनों जगहों पर कुल 85.33 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया है। बैलेट बॉक्स को ब्लॉक परिसर में सुरक्षित रखा गया है। मतगणना 21 दिसंबर को सुबह आठ बजे से अमरोहा ब्लॉक और हसनपुर ब्लॉक परिसर में शुरू हो जाएगी।