अमेठी। कोरोना संक्रमण के चलते बंद सेना भर्ती को लेकर नाराज युवाओं ने सोमवार को शहर स्थित एआरओ कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद युवाओं ने सेना अधिकारियों को ज्ञापन देकर ऑनलाइन माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू कराए जाने की मांग उठाई है।
अमेठी शहर के किठावर मार्ग पर सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) है। कोरोना संक्रमण के चलते सेना भर्ती प्रक्रिया करीब दो वर्ष से बंद चल रही है। भर्ती प्रक्रिया बंद होने के चलते सेना भर्ती की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा ओवर एज होने से भर्ती प्रक्रिया से वंचित हो रहे हैं।
इससे नाराज क्षेत्र में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवा सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र व अन्य पदाधिकारियों के समर्थन के साथ शहर के किठावर रोड स्थित एआरओ (सेना भर्ती) कार्यालय के सामने पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने युवाओं को समझा-बुझाकर शांत किया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सेना भर्ती कार्यालय के अफसरों को ज्ञापन देकर बताया कि लंबे समय से सेना भर्ती के संबंध में कोई सूचना नहीं निकाली गई और न ही पिछते दो वर्षों से कोई भर्ती हुई। युवाओं ने ऑनलाइन प्रक्रिया से भर्ती शुरू कराने की मांग की। सेना के अफसरों ने युवाओं को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया उसके बाद प्रदर्शनकारी वापस गए।