अमेठी। बाजार शुकुल क्षेत्र के इक्काताजपुर गांव निवासी सुरजीत यादव ने 12 अगस्त को आईजीआरएस पर गांव के रविशंकर व दीपचंद्र के खिलाफ सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर लगे यूकेलिप्टस का पेड़ काटने की शिकायत की थी। शिकायत की जांच थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार को मिली।
जांच करने के बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने 16 अगस्त को शिकायत निस्तारित करते हुए सिधौली गांव निवासी ओंकार नाथ दुबे को गवाह बना दिया। 25 वर्ष पहले ओंकार नाथ का निधन हो चुका है। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने शिकायत निस्तारण आख्या एसपी को भेजते हुए पोर्टल पर शिकायत निस्तारित प्रदर्शित कर दिया। इतना ही नहीं शिकायत निस्तारण में गवाह का मोबाइल नंबर भी दर्ज कर दिया जो गलत बता रहा है। मामले के दूसरे गवाह सीताराम पासी स्वयं को अनभिज्ञ बता रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की दोबारा शिकायत करने की बात कहते हुए जांच अधिकारी पर कई अन्य केसों में भी फर्जी निस्तारण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।