06 : जामो : बसंतपुर गांव में बरसात के दौरान गिरा कच्चा मकान। -संवाद
- फोटो : AMETHI
जामो (अमेठी)। तीन दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश के बीच जामो के एक ही गांव में चार लोगों के कच्चे मकान धराशायी हो गए। गनीमत था कि उस समय चारों परिवार के लोग घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। घटना को तीन दिन बीतने के बावजूद अब तक राजस्व विभाग का कोई कर्मचारी मौके तक नहीं गया। मकान गिरने से चारों परिवारों की सारी गृहस्थी मलबे में दबकर बर्बाद हो गई।
पिछले सप्ताह भर से रुक-रुककर हो रही बारिश लोगों की परेशानी का सबब बनी है। बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश में जामो ब्लॉक क्षेत्र के गांव बसंतपुर निवासी श्याम लाल रैदास, रामभवन, आशा देवी व कुंवारा के कच्चे मकान धराशायी हो गए।
जिस समय मकान गिरे उस समय चारो परिवार में से कोई भी कच्चे मकान में नहीं था। सभी परिवार के लोग घर के बाहर बने छप्पर के नीचे सो रहे थे। मकान गिरने से जनहानि तो नहीं हुई लेकिन सबकी पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर बर्बाद हो गई।
ऐसे में चारों परिवार के सामने खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है। मकान गिरने की पीड़ितों की ओर से सूचना हल्का लेखपाल को दी गई। बावजूद इसके तीन दिन बाद भी राजस्व कर्मी मौके तक नहीं गए। इन परिवारों को भोजन की मदद गांव के लोग कर रहे हैं। श्यामलाल के अनुसार घर गिरने की सूचना हल्का लेखपाल को उसी दिन दे दी गई थी। कहा कि हम लोगों की पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई है। हम लोगों के पास तन पर रहे कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। इन लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
मिलेगी सहायता राशि : तहसीलदार
तहसीलदार गौरीगंज घनश्याम भारतीय ने कहा कि उनकी ओर से सभी लेखपाल व कानूनगो को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। कहा कि राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर नुकसान के आकलन की रिपोर्ट मंगाई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को सहायता राशि मुहैया कराते हुए अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।