गौरीगंज (अमेठी)। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत परिषदीय स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा। बीएसए ने सभी बीईओ को पत्र जारी कर स्कूल में किचन गार्डेन तैयार करते हुए एमडीएम में बच्चों को पोषाहार युक्त भोजन देने का निर्देश दिया है। बीएसए ने अभियान के दौरान विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित कर स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई व संक्रमित बीमारियों के बचाव की जानकारी देने को कहा है।
‘कुपोषण छोड़ पोषण की ओर, थामें क्षेत्रीय भोजन की डोर’ थीम पर इस वर्ष समारोह पूर्वक राष्ट्रीय पोषण माह आयोजित होगा। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए शासन के निर्देश पर परिषदीय स्कूलों में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। शासन का निर्देश मिलने के बाद बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने सभी बीईओ को पत्र जारी किया है।
पत्र में स्कूल में पंजीकृत बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए संतुलित आहार विषय पर जागरूक करने के लिए गोष्ठी, पोस्टर, वाद-विवाद व निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर बच्चों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित करने को कहा है। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करते हुए बेहतर स्वास्थ्य के लिए सब्जियां, अनाज, दाल व फल का प्रयोग करने, स्वच्छ पेयजल व स्वच्छता के महत्व को बताते हुए संक्रमित बीमारियों के बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा है।
बीएसए ने बच्चों को भोजन ग्रहण करने के पहले हाथ साफ करने, नाखून साफ कर व्यवस्थित रखने तथा एमडीएम में पोषक आहार तैयार कर बच्चों को मानक के अनुसार वितरित करने को कहा है। बीएसए ने सभी को उद्यान विभाग ने संपर्क कर सब्जियों के बीज का मिनी किट प्राप्त करने को कहा है।
स्कूल में किचन गार्डेन तैयार करने तथा बच्चों को घर पर हरी सब्जी तैयार करने की जानकारी देते हुए पोषाहार में मदद करते हुए कुपोषण दूर करने में सहयोग करने का निर्देश भी दिया है। बीएसए ने राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आयोजित कार्यक्रम की फोटोग्राफ्स कार्यालय में जमा करने का निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।