गौरीगंज (अमेठी)। विधानसभा चुनाव से पूर्व मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए वृहद पुनरीक्षण अभियान पहली नवंबर से शुरू होगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट में मीडिया से मुखातिब एडीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान इस बात पर पैनी निगाह रखी जाएगी कि किसी भी दशा में फर्जी वोटर न बढ़ पाएं।
कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर जानकारी देते हुए एडीएम न्यायिक सुधीर कुमार रूंगटा ने बताया कि पहली नवंबर से शुरू होकर पांच जनवरी तक चलने वाले पुनरीक्षण अभियान में 30 नवंबर तक नाम जोड़े व घटाए जाएंगे। इस दौरान नवंबर में चार विशेष तिथियां निर्धारित की गई हैं। सात नवंबर, 13 नवंबर, 21 व 28 नवंबर को विशेष अभियान के तहत सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे।
इस दौरान बूथों पर फॉर्म देकर नाम घटवाए व बढ़वाए जा सकेंगे। पार्टियों के बूथ एजेंट अब तक समूह में फॉर्म जमा कर देते थे। अब वे एक बार में मात्र 10 फॉर्म ही जमा कर सकेंगे। एक एजेंट अधिकतम तीस फॉर्म ही जमा कर सकेगा। पुनरीक्षण अभियान के दौरान पहली जनवरी 2022 को 18 साल की आयु पूरी कर रहे युवक-युवतियों को मतदाता बनाने पर विशेष जोर रहेगा।