10 : गौरीगंज : बरामद मोबाइल उसके धारक को देते एसपी। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। स्मार्ट फोन गायब होने के बाद परेशान चल रहे पीड़ितों के लिए मंगलवार का दिन खुशी से कम नहीं रहा। एसपी दिनेश सिंह के निर्देश पर गायब मोबाइल बरामद करने की जिम्मेदारी सर्विलांस टीम प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा को दी गई थी। सर्विलांस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों से विभिन्न तिथियों में गायब 130 स्मार्ट फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है।
स्मार्ट फोन बरामद होने के बाद मंगलवार को एसपी ने मोबाइल स्वामियों को बुलाकर फोन उनके सुपुर्द किया। गायब मोबाइल फोन मिलने के बाद पीड़ितों के चेहरे पर खुशी छा गई। एसपी ने बताया कि बरामद 130 मोबाइलों की कीमत 21 लाख 50 हजार रुपये है। एसपी ने गायब मोबाइल बरामद करने वाली टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। सभागार में मीडिया से मुखातिब, एसपी ने बताया कि थानों मेें दर्ज स्मार्ट फोन गायब होने की सूचना पर उन्हें बरामद करने के लिए टीम सक्रिय की गई हैं। टीम लगातार गायब अन्य मोबाइलों को भी बरामद करने की कोशिश में जुटी है। इस मौके पर एएसपी विनोद कुमार पांडेय मौजूद रहे। (संवाद)