गौरीगंज (अमेठी)। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित कराने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। डीएम ने कैंप कार्यालय में अफसरों के साथ बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन व प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए समय से फॉर्म की जांच कर अग्रसारित करते हुए पात्रों को लाभान्वित कराने का निर्देश दिया।
प्रदेश सरकार की ओर से संचालित बुजुर्ग, विधवा को पेंशन के साथ शुल्क प्रतिपूर्ति योजना व विवाह योजना का लाभ पात्र तक पहुंचाने के लिए समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर कई योजनाएं संचालित हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में योजना से शत-प्रतिशत पात्रों को लाभान्वित कराने के लिए डीएम अरुण कुमार ने कैंप कार्यालय में अफसरों के साथ बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, छात्रवृत्ति, सामान्य वर्ग के निर्धन परिवारों की पुत्रियों की शादी योजना, अनुसूचित जाति के निर्धन परिवारों की पुत्रियों की शादी योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, अत्याचार उत्पीड़न की दशा में आर्थिक सहायता योजना, पूर्वदशम/दशमोत्तर छात्रवृत्ति, दिव्यांग भरण पोषण अनुदान योजना, दुकान निर्माण संचालन योजना, शादी विवाह प्रोत्साहन योजना, कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण योजना की बिन्दुवार समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर डीएम ने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। डीएम ने योजना की प्रगति में सुधार लाने व पात्र व्यक्तियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। पेंशन व छात्रवृत्ति योजना में आवेदन पत्रों का सत्यापन कराने के उपरांत ही अग्रसारित करने के साथ ही डीएम ने संचालित योजनाओं का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार पांडेय तथा अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पंकज सिंह समेत सभी जिम्मेदार मौजूद रहे।