गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत जिले में 21 सड़कों का नवीनीकरण जल्द होगा। कुल 111.96 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के नवीनीकरण के लिए शासन ने 11 करोड़ 84 लाख 13 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इन सड़कों के नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
अलग-अलग विभागों व योजनाओं से बनी जिले की तमाम सड़कें इन दिनों जर्जर पड़ी हैं। इन सड़कों में कई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की हैं। पीएमजीएसवाई से निर्मित व मौजूदा समय में जर्जर पड़ी सड़कों को चलने लायक बनाया जा सके इसके लिए पिछले दिनों शासन को प्रस्ताव व डीपीआर भेजकर प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति देने की मांग की गई थी।
पीएमजीएसवाई की मांग पर शासन ने 111.96 किलोमीटर लंबी 21 सड़कों के नवीनीकरण प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए 11 करोड़ 84 लाख 13 हजार रुपये आवंटित कर दिए हैं। राशि आवंटन के साथ ही शासन ने पीएमजीएसवाई खंड को जल्द निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराने को कहा है। शासन की ओर से स्वीकृति व राशि आवंटित होने के बाद विभाग अनुबंध गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा है।
इन सड़कों की सुधरेगी हालत
शासन की ओर से पीएमजीएसवाई की ओर से निर्मित जिन 21 सड़कों का नवीनीकरण कराने को हरी झंडी दी गई है उनमें भेटुआ ब्लॉक की मुंशीगंज-कोरारी-नरसिंहभानपुर (650 मीटर) व थौरा-भेटुआ-गंगहुआ रोड (01 किलोमीटर) शामिल हैं। इसी तरह शाहगढ़ ब्लॉक के पूरे मिसिर का पुरवा मार्ग (01 किलोमीटर), चिलबिली से पूरे इबादुल्ला मार्ग (1.530 किलोमीटर), संग्रामपुर ब्लॉक के ठेंगहा-अम्मरपुर-छाछा मार्ग (6.450 किलोमीटर) व मधुपुर-खदरी मार्ग (4.600 किलोमीटर) तथा भादर के भादर-परसोइया मार्ग (09 किलोमीटर) शामिल हैं।
इसी तरह जामो ब्लॉक के गोगमऊ-गोरियाबाद-गढ़ीलालशाह मार्ग (8.750 किलोमीटर), हरगांव-सूरतगढ़-पूरे ठकुराइन मार्ग (2.80 किलोमीटर), कल्याणपुर से घाटमपुर मार्ग (10.450 किलोमीटर), चौधीपुर-अचलपुर-जामो मार्ग (9.500 किलोमीटर), गौरीगंज ब्लॉक के पूरे फाजिल से पैगा मार्ग (5.50 किलोमीटर), एमजी रोड से पूरे कनक मार्ग (11 किलोमीटर), जेजीएपी रोड से पूरे लोनिया मार्ग (11 किलोमीटर) व पाठक का पुरवा से ओरीपुर मार्ग (800 मीटर) का भी नवीनीकरण होगा। इसी तरह बाजार शुकुल ब्लॉक के फुंदनपुर से महोना पूरब मार्ग (05 किलोमीटर), पारा मखदूमपुर से जैनबगंज मार्ग (6.450 किलोमीटर), बहादुरपुर ब्लॉक में टी-01 से टेकारी मार्ग (08 किलोमीटर), तिलोई में तिलोई-समरौता से पूरे बहेलिया मार्ग (10.400 किलोमीटर), टी-06 से मोहनगंज-पीढ़ी मार्ग (08 किलोमीटर) व सिंहपुर में सेमरौता से कठौरा (15.550 किलोमीटर) सड़क का भी नवीनीकरण होगा।
जल्द शुरू होगा काम
पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि सड़कों का नवीनीकरण कराने के लिए राशि स्वीकृत हो गई है। अनुबंध प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही सभी सड़कों के नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।