जगदीशपुर (अमेठी)। परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक माहौल सुधर रहा है। सभी शिक्षक मेहनत कर रहे हैं। आने वाले समय में अच्छे परिणाम सामने आएंगे। ये बातें बुधवार को प्राथमिक विद्यालय अशरफपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शिक्षकों का हौसला बढ़ाते हुए बीईओ ने कहीं। गौरतलब है कि ब्लॉक के प्राथमिक स्कूलों के 13 बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है।
नवोदय स्कूल की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों, उनके अभिभावकों व शिक्षकों की एक बैठक बुधवार को प्राथमिक विद्यालय अशरफपुर में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए बीईओ सतीश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयास का परिणाम आने लगा है।
जगदीशपुर ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 85 बच्चे नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से प्रिया गुप्ता, सत्यम कुमार, युवराज, आदर्श यादव, अवंतिक व आनंद समेत 13 बच्चों ने प्रवेश परीक्षा पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय हुसैनगंज कला के शिक्षक अवधेश गिरि की देखरेख में सर्वाधिक सात, प्राथमिक विद्यालय अशरफपुर के शिक्षक जगतपाल यादव की देखरेख में दो, प्राथमिक विद्यालय बूबूपुर के शिक्षक बृजभूषण की देखरेख में एक, प्राथमिक विद्यालय सराय हेतम के शिक्षक अरविंद पांडेय व शिक्षिका पूनम श्रीवास्तव की देखरेख में एक व प्राथमिक विद्यालय पलिया से एक बच्चे का चयन कक्षा छह के लिए हुआ है।