अंबेडकरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सोमवार को अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जलालपुर के बाबा रामनाथ स्मारक महाविद्यालय विहामदपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इसमें युवतियों के अधिकारों की चर्चा करने के साथ ही उन्हें बताया गया कि लैंगिक असमानता दूर कर महिलाओं की बेहतरी सुनिश्चित की जा सकती है। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में जनपद न्यायाधीश पदमनरायन मिश्र की देखरेख में समूचे जिले में बड़े पैमाने पर जागरुकता मुहिम व आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन हो रहा है।
जिला जज के निर्देश पर जलालपुर के आशापार में साक्षरता शिविर का शुभारंभ प्राधिकरण जिला सचिव प्रियंका सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि हमें बालिकाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को खत्म करने की जिम्मेदारी लेना है। उनके अधिकारों की रक्षा करने के साथ ही बालिकाओं के लिए नकारात्मक दृष्टिकोण को और बदलना होगा। लिंग आधारित चुनौतियों को समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि बाल विवाह, यौन हिंसा तथा भेदभाव आदि को लेकर समाज को और ज्यादा काम करने की जरूरत है।
जनपद न्यायालय परिसर में जिला जज पदमनरायन मिश्र ने ई सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। सिस्टम आफीसर मयूर श्रीवास्तव ने बताया कि इसका लाभ अधिवक्ताओं को मिल सकेगा। पत्रावलियों में प्रकरण की सुनवाई की आगामी स्थिति के साथ अन्य विवरण जाने जा सकेंगे। मौके पर कई न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे। अभियान के क्रम में अलग अलग तहसीलों में डोर टू डोर कैंपेन कर जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई।