अंबेडकरनगर। टांडा तहसील अंतर्गत उतरेथू बाजार में शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हाेेंने कहा कि मीठेपुर ग्रामसभा में स्थित बहैया तालाब का पट्टा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस पर रोक लगाई जाए। तालाब का पट्टा कर देने से पक्षियों व मवेशियों को जहां मुश्किलें हो सकती हैं, तो वहीं गांव का पानी भी इस तालाब में जाता है, जो अवरुद्ध हो जाएगा। चेतावनी दी कि यदि तालाब का पट्टा किया गया, तो कलेक्ट्रेट के निकट धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मिशन योगी अगेेन सीएम संगठन के प्रदेश संयोजक स्वामी ओमप्रकाश ने कहा कि बहैया तालाब में देश-विदेश से पक्षी आते हैं। इसके अलावा मवेशी भी इस तालाब से पानी पीते हैं। न सिर्फ मीठेपुर, बल्कि आसपास के अन्य गांवों का पानी भी इसी तालाब में जाता है। ऐसे में यह तालाब संबंधित क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसकी महत्ता के बावजूद संबंधित तालाब का पट्टा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बीते दिनों जब इस संबंध में जानकारी हुई, तो इसकी शिकायत जिम्मेदारों से की भी गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
विनोद, मोहम्मद रफीक, गिरधारी, राजकुमार, राधेश्याम, मोहम्मद इम्तियाज, निखिल, रामप्रकाश, अर्जुन वर्मा, घनश्याम ने कहा कि यदि तालाब का पट्टा किया जाता है, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव पक्षियों व मवेशियों पर पड़ेगा। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के गांवों के पानी की निकासी भी बाधित होगी। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पट्टा दिए जाने की प्रक्रिया पर रोक नहीं लगी, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।