अंबेडकरनगर के कटेहरी रेलवे स्टेशन के पूरब हॉल्ट के पास क्षतिग्रस्त स्लीपर।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। रेलवे प्रशासन से जुड़े अफसरों की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। कटेहरी रेलवे स्टेशन के निकट पूर्वी छोर पर रेलवे लाइन के नीचे बिछाए गए कई स्लीपर कई जगह पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। रेल पटरियों की निगरानी करने वाली पेट्रोलिंग टीम भी अक्सर इधर से गुजरती है, इसके बावजूद इन क्षतिग्रस्त स्लीपरों को बदलने में पूरी तरह उदासीनता बरती जा रही है। रेलवे अफसरों की इस लापरवाही से क्षेत्रीय नागरिकों में गहरा रोष है।
वर्तमान में अकबरपुर से अयोध्या रेल खंड के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसके चलते रेलवे के आला अफसरों क आए दिन इस रूट पर निरीक्षण को लेकर जमावड़ा भी रहता है। इसके बावजूद कटेहरी रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर निर्माणाधीन रेलवे हट के पास रेलवे लाइन से जुड़े आधा दर्जन स्लीपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़े हैं। इन्ही क्षतिग्रस्त स्लीपर पर बिछी लाइन से हर दिन कई ट्रेनें गुजरती हैं।
पेट्रोलिंग टीम भी लगभग प्रतिदिन रेलवे लाइन की निगरानी करती है। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त हो चुके इन स्लीपरों को बदलने की कोई जरूरत प्रबंधन की तरफ से महसूस नहीं की जा रही। रेलवे लाइन से सटे इलाके में रहने वाले नागरिकों ने बताया कि यह स्लीपर एक दो दिन से नही बल्कि पखवारे से अधिक समय से क्षतिग्रस्त हैं। इसकी शिकायत करने के बावजूद रेलवे के स्थानीय अधिकारी व कर्मचारी इन क्षतिग्रस्त स्लीपर को बदलने की तरफ कोई ध्यान नही दे रहे हैं। उनकी यह लापरवाही कभी भी इस रूट पर ट्रेन हादसे का सबब बन सकती है।
क्षेत्रीय नागरिक रिंकू कुमार, रामभगत, अशोक कुमार, पवन कुमार , सुरेश सोनी व रघुविंदर सिंह यादव ने रेलवे प्रशासन की इस लापरवाही व उदासीनता पर नाराजगी जतायी है। दूसरी तरफ अकबरपुर स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि संबंधित क्षेत्र अयोध्या रेलवे खंड के अधीन आता है। फिर भी यदि कहीं पर स्लीपर क्षतिग्रस्त हुआ होगा तो इसकी सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंचा कर इसे जल्दी दुरुस्त बनवाया जाएगा।