अंबेडकरनगर। जिला योजना समिति के 22 सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचन अधिकारी व डीएम ने अधिसूचना जारी कर दी है। यह जानकारी देते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन बताया कि जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के लिए वर्गवार सदस्यों का निर्वाचन होना है। यदि वर्गवार निर्धारित संख्या से अधिक नामांकन होंगे तो निर्वाचन के लिए मतदान 3 सितंबर को कराया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया बीते दिनों संपन्न हो चुकी है। इसके बाद अब जिले के विकास को गतिमान बनाने के लिए जिला योजना समिति के चुनाव की कवायद प्रशासन ने शुरू की है। जिला मजिस्ट्रेट व निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन ने जिला योजना समिति सदस्यों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि कुल 22 सदस्यों के लिए होने वाले चुनाव में अनारक्षित वर्ग 7, अनारक्षित महिला वर्ग में 3, अनुसूचित जाति में 4, अनुसूचित जाति महिला 2, अन्य पिछड़ा वर्ग 4 व अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के 2 पदों पर जिला योजना समिति सदस्य पद का चुनाव होगा।
चुनाव से जुड़ी प्रक्रिया कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या दो में पूरी होगी।
अधिसूचना के तहत 27 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे तक नाम निर्देश पत्र लिए जा सकेंगे। इसी दिन नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। यदि कोई उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापस लेना चाहता है तो वह 31 अगस्त को पूर्वाह्न 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर नाम वापस ले सकता है। यदि पद के सापेक्ष अधिक नामांकन आते हैं तो निर्वाचन के लिए मतदान 3 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक होने के बाद मतों की गणना कर परिणाम की घोषणा होगी।