जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बाइक टकराने को लेकर उपजे विवाद में आरोपियों ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष की पिटाई कर दी। इसमें उन्हें चोटेें भी आई। घटना बुधवार करीब 2 बजे की है। बताया जाता है कि जलालपुर नगर स्थित सब्जी मंडी निकट कांग्रेस के एक कार्यकर्ता सुशील कुमार गौतम की बाइक एक युवक से टकरा गई। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मामले को बढ़ता देख सुशील ने जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्र को सूचित किया। कुछ देर में उपाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। सुनील के अनुसार वे दोनों के बीच समझौता करा ही रहे थे कि इस बीच बाइक से आए दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। बाद में सुशील निवासी नूरपुर खुर्द की तहरीर पर सौरभ, शमशेर व राजेश निवासी कांदीपुर थाना मालीपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सैफुल्लाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)