आलापुुर (अंबेडकरनगर)। एडीएम के आश्वासन पर आलापुर तहसील में लेखपालों ने अपना कार्य बहिष्कार फिलहाल स्थगित कर दिया है। गुरुवार को हड़ताल कर खत्म वे सब काम पर लौट आए। एसडीएम मोहनलाल गुप्त ने भी अपने कक्ष में बैठकर सामान्य कामकाज निपटाया। इससे माहौल सामान्य होने की तरफ तेजी से बढ़ चला है।
बीते दिनों एसडीएम मोहनलाल गुप्त व लेखपालों के बीच विवाद हो गया था। लेखपालों ने एसडीएम का घेराव करने के साथ ही जमकर हंगामा किया। एसडीएम ने लेखपालों पर अभद्रता व मारपीट के प्रयास का आरोप लगाते हुए जहांगीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज करा दी थी। लेखपालों ने भी तहरीर देने के साथ कार्य बहिष्कार भी शुरू कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन ने सीडीओ को जांच अधिकारी नामित कर दिया और विस्तृत जांच के निर्देश दिए। इस बीच बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर लेखपालों के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम अशोक कुमार कनौजिया से मुलाकात की। साथ ही शिकायत दर्ज कराते हुए एसडीएम को हटाने की मांग की।
एडीएम को बताया कि एसडीएम की ओर से अक्सर उन सभी के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, जो अत्यंत अनुचित है। एडीएम ने बताया कि मामले में जांच के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए हैं। इसमें जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुरूप कार्रवाई होगी। जांच पूरी तरह सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर ही होगी। इसके बाद लेखपालों ने कार्य बहिष्कार खत्म कर दिया और काम पर लौट आए।