अंबेडकरनगर। जिले के जहांगीरगंज विकास खंड के अहिरौली रानीमऊ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ऐसा पहला स्कूल होगा, जहां स्मार्ट क्लास का संचालन होगा। एसबीआई की मदद से न सिर्फ जरूरी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं, बल्कि वार्डन समेत सभी शिक्षकों को इस संबंध में प्रशिक्षित भी कर दिया गया है। माना जा रहा है कि विद्यालय खुलने के बाद छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पंजीकृत छात्राओं को बेहतर शिक्षा हासिल हो सके, इसके लिए शासन की ओर से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। न सिर्फ माध्यमिक स्तर की शिक्षा हासिल करने के लिए विद्यालय परिसर में छात्रावास की स्थापना की जा रही है, बल्कि छात्राओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके लिए अन्य कई प्रकार की भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में स्मार्ट क्लास प्रारंभ करने का निर्णय शासन ने लिया है। इसमें जहांगीरगंज विकास खंड के अहिरौली रानीमऊ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय को जिले का पहला ऐसा स्कूल बनाया जा रहा है, जहां स्मार्ट क्लास संचालित होंगी।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के प्रभारी सत्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि एसबीआई के सहयोग से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अहिरौली रानीमऊ में स्मार्ट क्लास संचालित करने की सभी समुचित व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। छात्राओं की उपस्थिति बायोमीट्रिक द्वारा दर्ज कराई जाएगी। साथ ही प्रोजेक्टर के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा दी जाएगी। मौजूदा समय में कोविड-19 के चलते स्कूल बंद चल रहे हैं। ऐसे में स्कूल खुलने पर स्मार्ट कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें, इसके लिए टेक्नीशियन द्वारा वार्डन समेत सभी शिक्षकों को बीते दिनों ही विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। स्मार्ट कक्षाएं संचालित होने से छात्राओं को व्यापक लाभ मिलेगा।