अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय स्थित बीएनकेबी इंटर कॉलेज के प्रांगण में चल रहे फुटबाल मैच में प्रतिभा
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज में आयोजित स्व. जगमोहन पांडेय जनपद स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल तीन मैच खेले गए। फुटबाल प्रतियोगिता में टांडा से कई टीमों ने हिस्सा लिया और जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि हनुमान सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए परिचय प्राप्त किया। साथ ही खिलाड़ियों से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करने का आह्वान किया।
स्व. जगमोहन पांडेय जनपद स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का पहला मैच रविवार को मासूम स्पोर्ट क्लब भूलेपुर व सहारा क्लब टांडा के बीच हुआ। सहारा क्लब टांडा की टीम ने 2-0 के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरा मैच सिटी स्पोर्टिंग क्लब टांडा व केजीएन क्लब टांडा के बीच हुआ। इसमें केजीएन के खिलाड़ियों ने 8-0 के अंतर से एक तरफा जीत दर्ज की। तीसरा मैच स्टार क्लब जलालपुर व सिग्मा क्लब टांडा के बीच हुआ। इसमें स्टार क्लब जलालपुर की टीम ने 3-0 के अंतर से जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि हनुमान सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि खेल युवाओं के लिए न सिर्फ मनोरंजन है, बल्कि बेहतर कॅरियर का एक विकल्प है। खेल प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सदीप जॉन व विवेकानंद ने निभाई। कमेंटेटर की भूमिका सुधीर चतुर्वेदी ने निभायी। आयोजक संतोष मिश्र ने बताया कि प्रतियोगिता सुचारु रूप से चल रही है। आयोजन को सफल बनाने में घनश्याम गुप्त, अरशद खान, गिरिजाशंकर सिंह, सभाजीत सिंह, देवानंद शर्मा आदि विशेष योगदान दे रहे हैं।