अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर सांसद क्लीन एयर ग्रीन एयर मैराथन के विजेताओं को सम्मानित करते सांस?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। प्रदूषण रोकने तथा खेतों में पराली न जलाने के आह्वान को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर क्लीन एयर, ग्रीन एयर की फाइनल मैराथन रेस का आयोजन हुआ। मैराथन के बालक वर्ग में प्रिंस राज, बालिका वर्ग में श्रेया राज ने बाजी मारी। इन दोनों विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ ही अन्य विजेताओं को साइकिल भेंट की गई। सांसद ने युवाओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण की बेहतरी के लिए जरूरी जिम्मेदारी का निर्वह्न सतत सुनिश्चित करते रहें।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से प्रथम 10-10 विजयी प्रतिभागियों के बीच गुरुवार को जिला मुख्यालय पर क्लीन एयर, ग्रीन एयर की फाइनल मैराथन रेस हुई। सांसद रितेश पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रेस को रवाना किया। शुरुआत गुरुवार सुबह अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर रघुराजी एग्रो से हुई। रेस पुराने तहसील तिराहा से लोहा मंडी, शहजादपुर चौक, सब्जी मंडी, दोस्तपुर चौराहा, नई सड़क, पुराना तहसील तिराहा होते हुए पटेलनगर तिराहा के निकट संपन्न हुई। निर्णायक मंडल ने बालक व बालिका वर्ग में तीन तीन प्रतिभागियों को विजयी घोषित किया। बालक वर्ग में प्रिंस राज ने बाजी मारी, तो कुलदीप को द्वितीय व गौरव को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
बालिका वर्ग में श्रेयाराज ने सभी को पीछे छोड़ा, तो अंशिका वर्मा व ओजस्वी राज को क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। प्रथम स्थान पाने वालों को 21-21 हजार रुपये नकद, द्वितीय स्थान वालों को गियर वाली साइकिल, तीसरा स्थान पाने वालों को सामान्य साइकिल का पुरस्कार दिया गया।
विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए सांसद रितेश पाण्डेय ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में सभी को भागीदारी करनी चाहिए। कहा कि पराली के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए क्लीन एयर, ग्रीन एयर मैराथन रेस का आयोजन किया गया। इसका सफल परिणाम भी सामने आएगा। पर्यावरण को संतुलित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मालूम रहे कि खेतों में पराली न जलाने के लिए किसानों को जागरूक करने के लिए सांसद की मौजूदगी में बीते दिनों संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में क्लीन एयर, ग्रीन एयर मैराथन रेस का आयोजन हुआ। इस दौरान एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी शिखा प्रसून, बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद गौतम, संकठा प्रसाद मिश्र, अरविंद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।