फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होली से पहले बढ़ गए खाद्य तेलों के दाम

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। रंगों का पर्व होली का उल्लास धीरे-धीरे जिले में बढ़ने लगा है, लेकिन इन सबके बीच खाद्य तेल के दामों में अचानक तेजी से उछाल आ जाने के चलते होली का रंग फीका पड़ने की संभावना है। बीते 10 दिनोें में रिफाइंड ऑयल के दाम में 20 रुपये प्रति किग्रा. की वृद्धि हुई, तो देसी घी के दाम में 65 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हो गया। इसके अलावा सरसों तेल, वनस्पति घी के दाम में भी वृद्धि हुई है। ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि रूस व यूक्रेन के बीच युद्ध के चलते शीघ्र ही पेट्रो पदार्थों के दामोें में तेजी से उछाल आएगा। यदि ऐसा होता है, तो रिफाइंड समेत अन्य खाद्य पदार्थों के दाम में तेजी से वृद्धि होगी, जिसका सीधा प्रभाव होली पर्व के उल्लास पर पड़ सकता है।
विज्ञापन

होली पर्व का उल्लास धीरे-धीरे जिले में बढ़ने लगा है। 18 मार्च को होलिका दहन होगा, जबकि 19 मार्च को रंगों का पर्व मनाया जाएगा। होली पर्व में मिठास हो, इसके लिए मुख्य पकवान गुझिया जहां छनेंगी, तो वहीं पापड़, कचौड़ी समेत कई अन्य प्रकार के पकवान बनाए जाएंगे। इसे लेकर तैयारियां भी तेजी से जिले में शुरू हो गई हैं। होली पर्व को लेकर खुशियों को बीते 10 दिनों में खाद्य तेलों के दाम में तेजी से हुई उछाल ने लोगों के चेहरे पर चिंता की लकीरें उत्पन्न कर दी हैं। दरअसल बीते 10 दिनों में रिफाइंड के साथ ही वनस्पति घी, सरसों का तेल, देसी घी के दाम में तेजी से वृद्धि हुई है। इन सभी का प्रयोग होली पर्व में किया जाता है, ऐसे में इसका सीधा असर पड़ना तय है।
अकबरपुर ब्लॉक कार्यालय के निकट स्थित किराना दुकान संचालक आयुष कुमार ने बताया कि रिफाइंड के दाम 150 रुपये से बढ़कर 170 रुपये प्रति किग्रा. हो गए हैं, जबकि वनस्पति घी का दाम 130 रुपये प्रति किग्रा. से बढ़कर 172 रुपये प्रति किग्रा. हो गया है। इसके अलावा देसी घी, सरसों का तेल समेत कई अन्य प्रकार के खाद्य पदार्थों के दाम में भी वृद्धि हुई है।
विज्ञापन

आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है कीमत
बीते 10 दिन में खाद्य तेलों के दाम में तेजी से उछाल होने से महंगाई बढ़ी है, लेकिन आने वाले दिनों में अभी और भी खाद्य पदार्थों के दाम में वृद्धि होने की संभावना है। अकबरपुर के अनुराग व जलालपुर के राकेश कुमार ने कहा कि रूस व यूक्रेन के बीच छिड़े युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़े हैं। इसे देखते हुए पूरी उम्मीद है कि आगामी दिनों में डीजल व पेट्रोल की कीमत में वृद्धि होने से खाद्य पदार्थों के दाम में भी तेजी से बढ़ोत्तरी होगी। इससे आने वाले दिनों में सभी लोगों को और भी महंगाई झेलने को तैयार होना होगा।
विज्ञापन

सामग्री पूर्व के रेट (प्रति किलो) वर्तमान रेट
सरसों तेल 180 रुपये 185 रुपये
रिफाइंड 150 रुपये 170 रुपये
देसी घी 500 रुपये 565 रुपये
वनस्पति घी 130 रुपये 172 रुपये
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें