अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए मरीजों को ब्लड के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए सामाजिक संस्था संकल्प मानव सेवा संस्थान के सदस्य आगे आए। रविवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में शिविर में सात युवाओं ने रक्तदान किया। इस दौरान युवाओं से अपील की गई कि वे बढ़-चढ़कर रक्तदान करें।
कुछ दिनों से जिला अस्पताल व राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर स्थित ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गई। विशेषकर जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्त की सीमित मात्रा ही रह गई थी। इससे ब्लड के लिए मरीजों व तीमारदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। ब्लड बैक में रक्त की कमी होने की खबर बीते दिनों ही अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित भी की थी। इसका असर भी देखने को मिला।
रविवार को सामाजिक संस्था संकल्प मानव सेवा संस्थान ने ब्लड की कमी दूर करने के लिए पहल की। जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैैंक में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। शुभारंभ करते हुए संस्थान प्रबंधक सूरज गुप्ता ने कहा कि किसी की जान बचाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एएम त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को लगे शिविर में कुल 9 युवाओं ने पंजीकरण कराया। जांच के बाद सात युवाओं ने रक्तदान किया। इसमें विशाल मेहरोत्रा, राजकुमार, विकास, अजय, रजत, सरहिंद, विकास यादव शामिल रहे।