अंबेडकरनगर के रोडवेज पर बस न मिलने से भटकने को मजबूर यात्री।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के मौके पर आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जिले से रोडवेज बसों के चले जाने से मंगलवार को यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अपने गंतव्य के लिए निकले यात्रियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप भी लगाया। कहा कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के साथ ही यात्रियों के आवागमन व्यवस्था पर भी ध्यान देना चाहिए था।
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के मौके पर आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रोडवेज बसों के जाने के चलते मंगलवार को यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों में भी यात्रियों को बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। अकबरपुर रोडवेज पर मंगलवार को बड़ी संख्या में ऐसे यात्री मिले जो बसों के इंतजार में भटकते रहे। रोडवेज बस अड्डे पर मिले आजमगढ़ निवासी बृजलाल ने बताया कि वह सोमवार को अपनी रिश्तेदारी में आए थे। आज वापस आजमगढ़ लौटना चाह रहे हैं। परंतु करीब दो घंटे बीत गए, लेकिन कोई बस ही नहीं आ रही है।
बसखारी स्थित मायके जाने के लिए निकली अकबरपुर की अर्चना भी सवारी के इंतजार में भटकती दिखीं। बताया कि बसों के न चलने से अन्य वाहनों में काफी भीड़ चल रही है। वह एक घंटे से यहां सवारी का इंतजार कर रही हैं। अतरौलिया निवासी विनय कुमार भी बस के इंतजार में दो घंटे से भटकते मिले। बताया कि उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों से बसों के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया, लेकिन कोई समुचित जानकारी नहीं दी जा रही है। कहा कि शासन-प्रशासन को कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के साथ ही यात्रियों के हितों का ख्याल रखना चाहिए था।
बसों के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाने के चलते मंगलवार को टांडा में रोडवेज पर यात्री भटकते दिखे। टांडा से प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ व आजमगढ़ आदि जनपदों को जाने के लिए यात्री परेशान रहे यात्रियों ने बस न मिलने पर नाराजगी प्रकट की। इसी तरह जलालपुर, आलापुर व भीटी तहसील मुख्यालयों व अन्य बाजारों में यात्रियों को बसों के इंतजार में भटकना पड़ा। उधर, एआरएम एसएन चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम में बसों के जाने के चलते दिक्कतें हुई हैं। फिलहाल बुधवार से सुचारु रूप से बसों का संचालन होगा।