फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: मेडिकल कॉलेज में लगातार दूसरे दिन ठप रही ओपीडी

Sat, 17 Aug 2024 11:48 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन करते मेडिकोज। 
विज्ञापन
सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। कोलकाता कांड के विरोध में शनिवार को भी राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में ओपीडी पूरी तरह से ठप रही। इससे ओपीडी में पहुंचे मरीजों का इलाज नहीं हो सका। चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर इमरजेंसी व वार्डों में मरीजों का इलाज किया। इसके अलावा जिला अस्पताल व ज्यादातर सीएचसी में भी चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
विज्ञापन

ट्रेनी महिला चिकित्सक के साथ हुई बर्बरता को लेकर विराेध जिले में थम नहीं रहा। शनिवार को एक बार फिर से राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में मेडिकोज व इंटर्न चिकित्सकों ने प्रदर्शन कर ओपीडी को पूरी तरह से ठप कर दिया। विरोध प्रदर्शन के चलते एक भी मरीज की ओपीडी नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी विरोध के चलते ओपीडी पूरी तरह से ठप थी। लगातार दूसरे दिन ओपीडी न चलने से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ मरीजों ने जिला अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। हालांकि वार्डों में भर्ती मरीजों का इलाज चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर किया। मेडिकोज का कहना था कि कोलकाता कांड में शामिल आरोपियों को फांसी दी जाए। चिकित्सकों को सुरक्षा प्रदान की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
इस बीच जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर मरीजों का इलाज किया। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में ओपीडी पूरी तरह से ठप होने के चलते कुछ मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। इससे शनिवार को जिला अस्पताल में ओपीडी बढ़ गई। शनिवार लगभग 1100 मरीजों की ओपीडी हुई। सीएमएस डॉ.ओमप्रकाश ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ओपीडी ठप होने से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में कुछ वृद्धि जरूर हुई है। उधर कुछ सीएचसी में भी चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। सीएचसी नगपुर व सीएचसी भियांव में चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। कहा गया कि पूरे मामले की पारदर्शिता के साथ जांच हो। कोई भी दोषी इसमें बचना नहीं चाहिए। पीड़ित परिवार को न सिर्फ आर्थिक सहायता दी जाए बल्कि चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए जाएं।
विज्ञापन

युवाओं ने कैंडल मार्च निकाल जताया विरोध

अंबेडकरनगर। कोलकाता कांड के विरोध में शनिवार को केयर इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में युवाओं ने जलालपुर नगर में कैंडल मार्च निकाला। इसका नेतृत्व कर रहे फाउंडेशन अध्यक्ष इश्क अंसारी ने कहा कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुभाष सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि कोलकाता कांड की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। पूरे मामले में जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। पूरी पारदर्शिता के साथ जांच हो। इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसे लेकर भी ठोस कदम उठाए जाएं। पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही उचित मुआवजा भी दिया जाए। इसके साथ ही चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें