अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत बरधाभिउरा गांव के निकट रविवार देर शाम तेज रफ्तार मैजिक व बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे पिता को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है
मालीपुर थाना क्षेत्र के खजुरी करौंदी गाव निवासी विजय वर्मा (20) रविवार को सुबह अपने पिता राधेश्याम के साथ बाइक से दोस्तपुर रोड स्थित अपनी बुआ के घर गया था। देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब वे बरधाभिउरा गांव के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मैजिक से टक्कर हो गई। इससे बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पिता को मामूली चोटें आईं।
जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक चालक वाहन लेकर भाग गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि विजय अहमदाबाद में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता था। दो दिन पूर्व ही वह घर लौटा था। रविवार को वह बुआ से मिलने पिता के साथ गया हुआ था। वापस आने के दौरान यह हादसा हो गया।