अंबेडकरनगर। शासन के निर्देश पर 1 लाख रुपये से अधिक बकाया विद्युत बिल की वसूली व कार्रवाई को लेकर बुधवार को अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर में सघन जांच अभियान चला। इस दौरान 81 बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई करते हुए विद्युत विच्छेदन किया गया। साथ ही 182 उपभोक्ताओं से 11 लाख 71 हजार रुपये की राशि की वसूली की गई।
बताते चलें कि लंबे समय से बिजली बिल न जमा करने व बड़े बकाएदारों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर दिशा निर्देश दिए गए हैं। शासन के दिशा निर्देश पर बुधवार को पॉवर कॉरपोरेशन की अलग अलग सात टीम ने अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के नई सड़क, लोहा मंडी, चौक, सब्जी मंडी समेत शहजादपुर के अन्य मोहल्लों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रत्येक टीम का नेतृत्व अवर अभियंता कर रहे थे। इस बीच एक साथ चले सघन जांच अभियान से संबंधित मोहल्ले में हड़कंप का माहौल रहा। उधर अधिशाषी अभियंता वीके पटेल ने बताया कि शासन के निर्देश पर 1 लाख रुपये से ऊपर बिजली बकाएदारों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चल रहा है। बुधवार को शहजादपुर के अलग अलग मोहल्लों में सघन जांच अभियान चला।
अधिशाषी अभियंता ने बताया कि जांच के दौरान 81 बड़े बिजली बिल बकाएदारों का का विद्युत कनेक्शन काटा गया। इन पर 22 लाख से अधिक का बकाया है। जिन बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काटा गया, उनमें कृष्णकुमार मेहरोत्रा पर 2 लाख 26 हजार रुपये, प्रद्युम्र मिश्र पर 1 लाख 49 हजार, हनुमंत इंटर प्राइजेज पर 1 लाख 5 हजार, अंजनी कुमार पर 1 लाख 22 हजार, जिला फूड मार्केटिंग पर 1 लाख 6 हजार, रमेश कुमार पर 1 लाख 35 हजार, जितेंद्र नरायन पर 1 लाख 35 हजार व रानेश सिंह पर 75 हजार रुपये का बकाया बिल है। बताया कि जांच के दौरान 182 उपभोक्ताओं से 11 लाख 71 हजार रुपये का बकाया बिल वसूला गया। कहा कि आगे भी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया कि वे समय से बिजली बिल का भुगतान करते रहें।