अंबेडकरनगर। एआरटीओ कार्यालय में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने पूरे कार्यालय का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कैश काउंटर के साथ ही रिकार्ड रूम में दस्तावेजों व पत्रावलियों को बेतरतीब से रखे जाने पर नाराजगी जताते हुए चेताया कि यदि पुन: निरीक्षण में इस प्रकार की अव्यवस्था मिली, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
दोपहर लगभग एक बजे करीब डीएम के अचानक एआरटीओ कार्यालय पहुंचने से हड़कंप मच गया। कार्यालय परिसर में मौजूद बिचौलिए अफरातफरी का फायदा उठा कर मौके से निकल भागे। इस दौरान छह व्यक्तियों को डीएम ने निकासी गेट के पास रोक कर पूछतांछ भी की। इसमें एक को संदिग्ध मान कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि बाद में हुई पूछताछ में सामने आया कि वह अपनी आरसी ठीक कराने के लिए आफिस आया था। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम सबसे पहले कैश काउंटर पहुंचे। वहां उन्होंने राशि का मिलान कराया। इसके बाद एक एक पटल पर पहुंचकर पत्रावलियों का जायजा लिया। रिकार्ड रूम में पत्रावलियां सही तरीके से न रखे जाने और बेतरतीब पड़े देखा। इस पर नाराजगी जताते हुए पत्रावालियों का रखरखाव ठीक से रखने का निर्देश दिया। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आए दो आवेदकों का परीक्षण भी अपने सामने कराया। इसमें एक आवेदक फेल हो गया। डीएम ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि परिसर में साफ सफाई सुनिश्चित कराने के साथ ही बगैर कार्य के आने वाले बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश भी पूरी कड़ाई के साथ रोका जाए।