टांडा। सामाजिक संस्था हेल्प प्वाइंट की ओर से टांडा नगर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए की जा रही मांग को अनसुना करने से नाराज संस्था के सदस्यों ने सोमवार को अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ताज तिराहा स्थित डॉ. अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष ताली व थाली बजाकर प्रदर्शन किया। कहा कि तमाम प्रयासों के बाद भी टांडा नगर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।
सामाजिक संस्था हेल्प प्वाइंट की ओर से टांडा नगर की बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए लंबे समय से आवाज बुलंद की जा रही है। बीते दिनों ही संस्था के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर बदहाल सड़कों को अविलंब दुरुस्त कराने की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस बीच सड़कों की बदहाली दूर न होने पर संस्था के पदाधिकारियों ने सुनील सावंत की अध्यक्षता में ताज तिराहा स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष थाली व ताली बजाकर प्रदर्शन किया।
संस्था के अध्यक्ष आलम खान ने कहा कि टांडा नगर में जर्जर हो चुकी लगभग 13 सड़कों को सही कराने की मांग पूर्व में की थी। आश्वासन दिया गया था कि शीघ्र सभी संबंधित सड़कों के संबंध में लिखित जानकारी दी जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इन सड़कों के जर्जर हो जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। इस मौके पर सुनील सावंत, अनवार आलम अन्नू, दिनेश मौर्य, शाह आलम अंसारी, मोहम्मद असगर, इसरार अहमद, जुबैर अहमद, काशिफ आजम, नजमी नवाज आदि मौजूद रहे।