केदारनगर। एक दिन पहले घर से बाजार के लिए निकले युवक का शव सोमवार को सुबह गांव के निकट सड़क के किनारे गड्ढे में भरे पानी में उतराता मिला। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि युवक की साइकिल व मोबाइल आदि गड्डे के बाहर सुरक्षित रखी मिली। इब्राहिमपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव निवासी प्रमोद (42) रविवार देर शाम घर से ऐनवां बाजार के लिए साइकिल से निकला था। हालांकि देर रात तक घर नही लौटा। इस पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला सका। इस बीच सोमवार को सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित ईंट-भट्ठे के पास बने गड्ढे में भरे पानी प्रमोद का शव उतराता देखा। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
जानकारी होते हुए रोते बिलखते परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची इब्राहिमपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि प्रमोद की मोबाइल व साइकिल गड़ढे के बगल ही सुरक्षित रखी मिली है। घटना कैसे हुई यह परिजन समझ नहीं पा रहे हैं। थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। परिवारीजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल मामले में छानबीन की जा रही है।