टांडा। घर से ड्यूटी के लिए निकले न्यायालय कर्मचारी का शव सोमवार देर रात टांडा कोतवाली क्षेत्र में पुंथर गांव के पास एनएच 233 पर संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए टांडा कोतवाली में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
नेशनल हाईवे 233 पर पुंथर गांव के पास सड़क के किनारे सोमवार देर रात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव के निकट ही उसकी बाइक भी पड़ी थी। मामले की जानकारी होते टांडा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टांडा कोतवाली ले जाकर उसकी पहचान का प्रयास शुरू कर दिया। शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया लिया गया। बाद में उसकी पहचान अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरवां नासिरपुर गांव निवासी संजय वर्मा (28) के रूप में हुई। जानकारी होते ही सुबह परिवारीजन भी रोते-बिलखते टांडा कोतवाली पहुंच गए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का लग रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
इस बीच मृतक के पिता विजय बहादुर ने कोतवाली टांडा में हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया कि उनका पुत्र संजय अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में कार्यरत था। सोमवार को सुबह 11 बजे वह न्यायालय जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं आया, तो चिंता सताने लगी। काफी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच मंगलवार भोर में सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद पता चला कि उसका शव टांडा कोतवाली में है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज करने की मांग की।