अंबेडकरनगर के संसदीय क्षेत्र के गोसाईगंज में क्लीन एयर ग्रीन एयर मैराथन दौड़ के विजेताओं के साथ ?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। पर्यावरण संरक्षण के लिए शुक्रवार को अंबेडकरनगर संसदीय क्षेत्र के गोसाईगंज में सांसद क्लीन एयर, ग्रीन एयर मैराथन दौड़ का आयोजन हुआ। सांसद रितेश पांडेय ने दौड़ का शुभारंभ करने के साथ ही विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने प्रतिभागियों व अन्य नागरिकों से आह्वान किया कि वे खेतों में धान की पराली न जलाने को लेकर जागरूकता का माहौल मजबूत करने में योगदान करें। प्रदूषण से होने वाले नुकसान को लेकर सांसद ने लोगों को जानकारी भी दी।
पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए सांसद रितेश पांडेय की तरफ से विगत वर्षों से क्लीन एयर, ग्रीन एयर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष संसदीय क्षेत्र के गोसाईगंज से मैराथन दौड़ का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह हुआ। सांसद ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। इसमें लगभग 300 युवक व युवतियों की भागीदारी का दावा आयोजन मंडल के सदस्य अशोक पांडेय ने किया। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को कटेहरी, 22 को टांडा तथा 23 नवंबर को जलालपुर में मैराथन दौड़ होगी। इन सभी दौड़ में प्रथम 10 तेज दौड़ने वाले युवक व युवतियों के बीच 25 नवंबर को अकबरपुर में फाइनल मैराथन दौड़ होगी।
सांसद ने दौड़ का शुभारंभ करते हुए युवाओं तथा जनसामान्य को बताया कि किस तरह खेतों में पराली जलाने से नुकसान हो रहा है। कहा कि खेतों में पराली जलाने से वायु प्रदूषण तो होता ही है। साथ ही हमारे खेतों की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उधर, सांसद रितेश पांडेय की देखरेख में आयोजित रघुराजी कप राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को कानपुर ने इलाहाबाद को पराजित किया। अवध म्यूटीनियर तथा प्रतापगढ़ का मैच बराबरी पर छूटा। गैलेक्सी फैजाबाद ने डीएसए अयोध्या, जबकि जौनपुर ने टांडा को पराजित किया।