अंबेडकरनगर। मजदूरी न मिलने से नाराज बेवाना क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के निकट धरना देकर प्रदर्शन किया। भट्ठा संचालक पर मजदूरी का भुगतान न करने व बंधक बनाए जाने का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। कहा कि वह किसी तरह से अपनी जान बचाकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचे हैं। ऐसे में प्रशासन अविलंब उनकी सुरक्षा तय करते हुए मजदूरी का भुगतान कराना सुनिश्चित करे और उन्हें सुरक्षित उनके प्रांत भिजवाए।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ईंट भट्ठा मजदूर देवेंद्र कुमार, लल्ला, रंजीता, नंदिनी, नीतू, सबिता, गजरा, अमरावती, अंजना, रीना, महेंद्र सहित 50 से अधिक मजदूरों ने अपने परिवार के साथ प्रदर्शन किया। मजदूरों ने बताया कि वे सब छत्तीसगढ़ प्रांत के बेलासपुर निवासी हैं। लंबे समय से बेवाना थाना क्षेत्र के एक ईंट-भट्टे पर बतौर मजदूर काम करते हैं। काफी दिनों से भट्ठा संचालक ने उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया है।
मजदूरी का पैसा मांगने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। उन्हें पूरी तरह से बंधक बना लिया गया था। वह किसी तरह से अपनी जान बचाकर यहां तक पहुंचे हैं। मजदूरों ने जिला प्रशासन से सुरक्षा तय करने के साथ ही मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की। कहा कि इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके गांव भेज दिया जाए। बताया कि उनके परिजनों ने भी बिलासपुर के अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।