अंबेडकरनगर। नेशनल हाईवे 233 के निर्माण से प्रभावित किसानों को उचित मुुआवजा दिलाने, बकाया गन्ना राशि का भुगतान किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सुलेमपुर के निकट धरने पर डटे भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना गुरुवार को भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू अराजनीतिक कार्यकर्ता बीते कई दिनों से सुलेमपुर गांव के निकट अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हैं। उनका धरना गुरुवार को भी जारी रहा। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि एनएच 233 निर्माण में जिन किसानों की भूमि अधिग्रहीत की गई है, उनमें ज्यादातर किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया जा सका है। मुआवजा दिए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे संबंधित किसानों के समक्ष आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में धान खरीद का कार्य भी समुचित ढंग से नहीं हो रहा है। गन्ना किसानों का सुचारु रूप से भुगतान नहीं हो रहा है। इससे किसान विभिन्न प्रकार की मुश्किलों से जूझ रहे हैं। चेतावनी कि जब तक किसानों की समस्याओं को दूर नहीं किया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर मनोज वर्मा, त्रिभुवन मौर्य, मस्तराम, लक्षिराम, जवाहर वर्मा, सुभाष, सर्वजीत, मोहनलाल आदि मौजूद रहे।