अंबेडकरनगर पटेलनगर पर पार्टी नेताओं के विरोध में दर्ज मुकदमे के विरोध में प्रदर्शन करते कांग्रे
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। प्रतापगढ़ में कांग्रेस नेताओं पर मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे के विरोध में मंगलवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर तिराहा के निकट एकत्रित हो कर विरोध प्रदर्शन किया। सरकार विरोध नारेबाजी के साथ आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ते कांग्रेस के ग्राफ से सत्ताधारी पार्टी के लोग बौखला गए हैं। धरना की समाप्ति से पूर्व राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भी एसडीएम सदर के माध्यम से प्रेषित किया गया। इसमें कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी समेत अन्य पर दर्ज झूठा मुकदमा वापस लेने और पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की गयी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा के नेतृत्व में पटेलनगर तिराहे के पास विरोध प्रदर्शन को जुटे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, आराधना मिश्रा व अन्य पर मनमाने तरीके से मुकदमा दर्ज करना पूरी तरह से उत्पीड़न की कार्रवाई है।
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के नशे में संवैधानिक मर्यादा और लोकतांत्रित व्यवस्था को भूल चुकी है। जनता ऐसी सरकार को अगले साल होने वाले चुनाव में जरूर सबक सिखाएगी। धरना प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष राम कुमार पाल, पीसीसी सदस्य दुर्गा प्रसाद पांडेय व मीडिया प्रभारी डॉ विजय शंकर तिवारी समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे।