अंबेडकरनगर। किसान हितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का निस्तारण न होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कटेहरी ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी से गांवों के खेल मैदान बदहाल पड़े हैं जबकि शौचालय के नाम पर घोटाला किया जा रहा है। लगातार शिकायत के बाद भी कार्रवाई को लेकर जिम्मेदार उदासीन है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो वह अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को बाध्य होंगे।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे जिला उपाध्यक्ष राजितराम वर्मा ने कहा कि किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है। खाद व बीज के लिए उन्हें इधर उधर भटकना पड़ रहा है। छुट्टा जानवर खेत में खड़ी फसल को नष्ट कर रहे हैं। इसकी शिकायत जिम्मेदारों से किसान कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुध नहीं ली जा रही है।
आरोप लगाया कि बसंतपुर समेत दो दर्जन से अधिक गांवों में बगैर पौधरोपण किए वन विभाग ने लाखों की हेराफेरी कर पौधरोपण करा दिया। शिकायत बाद भी इसकी कोई जांच नहीं कराई गई। वक्ताओं ने कहा कि शौचालय निर्माण में भी बड़े पैमाने पर घोटाला किया जा रहा है। शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण दिखाकर धननिकासी कर ली गई जबकि वास्तव में शौचालय का निर्माण हुआ ही नहीं है।